मधु सुदन/न्यूज11 भारत
सरायकेला/डेस्क: सरायकेला जिले के समाहरणालय सभागार में सोमवार को उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में प्रखंडवार शैक्षणिक गतिविधियों, योजनाओं एवं विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए.
उप विकास आयुक्त ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर दिया. कम उपस्थिति वाले विद्यालयों को चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा स्कूल स्तर पर नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनमें सीखने की रुचि, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता का विकास भी शिक्षा व्यवस्था का अहम उद्देश्य है.
बैठक में खेल-खेल में शिक्षा, गतिविधि आधारित शिक्षण और कक्षा में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया. शिक्षकों को बच्चों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए भयमुक्त वातावरण में पढ़ाई कराने का निर्देश दिया गया.
इसके अलावा व्यावसायिक क्षमता विकास प्रशिक्षण, जन्म प्रमाण-पत्र, अपार पहचान संख्या, नामांकन, विद्यालयी आंकड़ों के अद्यतन, आधारभूत संरचना, आईसीटी लैब और स्मार्ट कक्षा की प्रगति की समीक्षा की गई. लंबित कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा जिले की शैक्षणिक रैंकिंग में सुधार के लिए प्रखंडवार विशेष कार्रवाई का निर्देश दिया गया. बैठक में शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, बीआरपी, सीआरपी सहित संबंधित कर्मी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: ठक्कर बाबा क्लब के दुर्गा पूजा पंडाल का भूमि पूजन संपन्न, गणेश महाली ने की क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना