विकास कुमार/न्यूज़11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: शिक्षक दिवस के अवसर पर भी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज, जपला के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी धरने पर बैठे. वित्त रहित मोर्चा के आह्वान पर शनिवार को कॉलेज के मुख्य गेट के समीप एक दिवसीय धरना देकर कर्मियों ने राज्य सरकार से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की. इससे पूर्व बुधवार को भी कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी अपनी मांगों को लेकर शैक्षणिक हड़ताल पर रहे थे. शनिवार को आयोजित धरने का नेतृत्व कॉलेज के प्राचार्य एवं वित्त रहित मोर्चा के अध्यक्ष मंडल सदस्य अरविंद कुमार सिंह ने किया. धरने के दौरान कर्मियों ने 75 प्रतिशत अनुदान वृद्धि संबंधी संलेख को अविलंब कैबिनेट में रखने, वित्त रहित शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के लिए नियमावली बनाकर वेतनमान लागू करने तथा उच्च विद्यालय, संस्कृत विद्यालय, मदरसा विद्यालय एवं इंटरमीडिएट कॉलेजों के लिए सेवा शर्त नियमावली अविलंब लागू करने की मांग की.
इसके अलावा सावित्रीबाई फुले बालिका समृद्धि योजना की राशि उपलब्ध कराने के लिए पोर्टल शीघ्र खोलने की भी मांग की गई. कर्मियों ने कहा कि बजट सत्र के दौरान सरकार की ओर से नियमावली बनाकर पोर्टल खोलने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि छात्राओं के हित से जुड़ी इस मांग को लेकर भी आंदोलन जारी रहेगा. सभा को संबोधित करते हुए वरीय शिक्षक धनंजय कुमार सिंह ने कहा कि संगठन को एकजुट होकर अपनी मांगों को मजबूती से राज्य सरकार के समक्ष रखना होगा. वहीं शिक्षक प्रतिनिधि संजय कुमार सिंह ने कहा कि वित्त रहित विद्यालय एवं महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. शिक्षक दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी उन्हें अपने अधिकारों के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है. सरकार को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारु बनाने की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए.
2 अक्टूबर को मुख्यमंत्री आवास घेराव का निर्णय
धरने के दौरान वित्त रहित मोर्चा के बैनर तले आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया. इसके तहत 2 अक्टूबर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की घोषणा की गई. कर्मियों ने कहा कि यदि सरकार उनकी लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा. धरने में शिक्षक प्रतिनिधि संजय कुमार सिंह, धनंजय कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, कंचन कुमार सिंह, आकाश कुमार सिंह, मो. मुकसिद, अमित कुमार मिश्रा, अमित रंजन, रंजन कुमार यादव, मधुलिका, सपना, अनिता केरकेट्टा, ज्योति कुमारी, कुमारी श्वेता, अंजू कुमारी, इंतेज़ार हुसैन, प्रधान सहायक अंशुल सिन्हा, चंचला, सोनी, दीपा, सुधांशु, संदीप, संतोष, रामू, सरिता, ललिता सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे.