सौरभ कुमार गुप्ता/न्यूज11 भारत
लातेहार/डेस्क: समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में नीति आयोग के अंतर्गत संचालित आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
बैठक में नीति आयोग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के सूचकांकों की विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित सूचकांकों में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने के लिए लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी ढंग से कार्य करें.
उपायुक्त ने कहा कि आकांक्षी जिला एवं प्रखंड कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के समग्र विकास को गति देना है. इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि तथा आधारभूत संरचना से जुड़े सभी महत्वपूर्ण सूचकांकों पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है. उन्होंने सभी विभागों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने पर भी जोर दिया, ताकि लातेहार जिले की रैंकिंग एवं प्रदर्शन में लगातार सुधार हो सके.
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, संबंधित पदाधिकारी एवं पिरामल फाउंडेशन के फेलो उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: लातेहार में NITI TARA का शुभारंभ, योजनाओं की निगरानी और समीक्षा होगी और अधिक प्रभावी