संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन ने क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को तराशने और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करने की दिशा में एक बड़ी पहल की है. एसोसिएशन के अध्यक्ष जैश रंजन पाठक के नेतृत्व में कार्यकारिणी समिति की बैठक और एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इस समारोह में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए महिला एवं पुरुष बॉक्सिंग खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अलग-अलग स्तरों पर पलामू का नाम रोशन किया है. अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बॉक्सिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा रखने वाले हर खिलाड़ी को संगठन का पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा
बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए
पलामू को बॉक्सिंग का हब बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. एसोसिएशन जल्द ही जिले में 'इंटर स्कूल बॉक्सिंग टूर्नामेंट' आयोजित करने जा रहा है, जिसमें विभिन्न प्रखंडों के विद्यालयों से युवाओं और बच्चों को शामिल होने का मौका मिलेगा. खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने से लेकर आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने तक, हर स्तर पर काम किया जाएगा.
इस दौरान काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) बॉक्सिंग टीम के पूर्व कप्तान और नेशनल प्लेयर अनुपम तिवारी ने बताया कि पलामू जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन का गठन युवाओं को एक सशक्त मंच देने के लिए किया गया है. उन्होंने कहा कि बिट्टू भैया के नेतृत्व में संगठन लगातार प्रयासरत है और इंटर स्कूल प्रतियोगिताओं के जरिए सरकारी व निजी विद्यालयों के बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारा जाएगा. इस पूरे अभियान और टूर्नामेंट को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अनुपम तिवारी और चंद्रू पांडे के नेतृत्व में एक विशेष समिति का गठन भी किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: घरेलू विवाद में पति ने पत्नी पर पेट्रोल-डीजल डालकर लगा दी आज रामपुरहाट में इलाज के दौरान हुई मौत