गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध चित्रेश्वर शिव मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर जस्टिस डायनामिक सोसाइटी के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ज्योतिर्मय दास ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री से उक्त सड़क का अविलंब स्थायी निर्माण कराने की मांग की है.ज्योतिर्मय दास ने कहा कि चित्रेश्वर शिव मंदिर केवल बहरागोड़ा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि झारखंड, पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है. उन्होंने बताया कि मंदिर के समक्ष से मुख्य सड़क तक लगभग 800 मीटर का सड़क मार्ग अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं तथा बारिश के दौरान इन गड्ढों में गंदा पानी जमा हो जाता है.इससे श्रद्धालुओं, स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि वर्तमान में श्रावण मास चल रहा है और भगवान शिव की पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु चित्रेश्वर धाम पहुंच रहे हैं. ऐसे समय में मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग की यह स्थिति अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक है.
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब चित्रेश्वर मंदिर के सुंदरीकरण एवं विकास पर पिछले कुछ वर्षों में लाखों रुपये खर्च किए गए हैं, तो मंदिर तक पहुंचने वाले मुख्य मार्ग की स्थायी व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
ज्योतिर्मय दास ने कहा कि धार्मिक स्थल के विकास का अर्थ केवल मंदिर परिसर को सुंदर बनाना काफ़ी नहीं है. श्रद्धालुओं के लिए सुगम पहुंच मार्ग, जल निकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षित आवागमन भी धार्मिक पर्यटन के विकास का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए.
मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग: श्री दास ने इस संबंध में झारखंड के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है. उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन को निर्देश देकर मंदिर से मुख्य सड़क तक लगभग 800 मीटर सड़क का तकनीकी सर्वेक्षण कराया जाए;सड़क का स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण/पुनर्निर्माण कराया जाए; चित्रेश्वर धाम के विकास की योजनाओं में पहुंच पथ एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए.
यह भी पढ़ें: मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा जागृति शाखा ने निकाली बाल कांवड़ यात्रा, बच्चों ने किया बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक