न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के खलारी थाना क्षेत्र के सुभाष नगर टीएच कालोनी के समीप भुईयां टोली से तीन बच्चे रविवार शाम से लापता हैं. तीन बच्चों के एक साथ लापता होने से गांव में हलचल मची हुई है. खलारी थाना पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी हुई है. लापता बच्चों में शिवा कुमार (10 वर्ष), मेघा कुमारी (6 वर्ष) और मंगल उरांव उर्फ टकला (9 वर्ष) शामिल है. सभी दिहाड़ी मजदूरों के बच्चे हैं.
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार तीनों बच्चे रविवार शाम करीब 5 बजे सुभाष नगर स्थित शिव मंदिर परिसर में खेल रहे थे. इसके बाद से तीनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल रहा है. क्षेत्र के लोगों ने अपने स्तर पर बच्चों की खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. इसी बीच सूचना मिली कि तीनों बच्चों को खलारी रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर के पास आखिरी बार खेलते हुए देखा गया था.
रेलवे स्टेशन में बच्चों को देखे जाने की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बच्चों का कोई पता नहीं चला. पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर बच्चों की तलाश कर रही है.
इसे भी पढ़ें: रांची में देर रात तांडव! आधा दर्जन गाड़ियों के शीशे तोड़े, हिंदपीढ़ी के निजाम नगर में दहशत