वीरेन्द्र शर्मा न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: गोरहर थाना क्षेत्र के गोरहर पुल के समीप सड़क हादसे में एक मासूम की जान चली गई, जबकि उसके पिता और दादी गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अटका, बगोदर निवासी उमेश कुमार (27 वर्ष) अपनी मां गीता देवी (46 वर्ष, पति जोधन साव) और 3 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के साथ मोटरसाइकिल से अटका से गोरहर गांव में एक चिकित्सक के पास इलाज कराने जा रहे थे.
इसी दौरान गोरहर पुल के समीप सड़क पर बने गड्ढे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कंटेनर गाड़ी संख्या KA 52 B 0895 ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 3 वर्षीय शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उमेश कुमार और गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरकट्ठा में भर्ती कराया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गीता देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया.
इधर घटना की सूचना पर पहुंची गोरहर थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही भेज दिया है और कंटेनर गाड़ी को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: दर्दनाक सड़क हादसा, कंटेनर की चपेट में आने से एक युवक की मौत, पिता गंभीर रूप से घायल, NH-19 पर 20 KM लगा लंबा जाम