राजन पाण्डेय/न्यूज11 भारत
चैनपुर/डेस्क: चैनपुर प्रखंड अंतर्गत रामपुर पंचायत स्थित झड़गांव में पूर्व कार्डिनल स्व. तेलेस्फोर पी. टोप्पो की पुण्यतिथि के अवसर पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस मौके पर स्व. कार्डिनल टोप्पो के पैतृक गांव झड़गांव में एक विशेष ‘श्रद्धांजलि मिसा पूजा’ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर उन्हें नमन किया.कार्यक्रम में मुख्य रूप से गुमला विधायक भूषण तिर्की, जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा तथा चैनपुर की प्रखंड प्रमुख ओलोभा कांता कुजूर शामिल हुए. सभी अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने स्व. कार्डिनल तेलेस्फोर पी. टोप्पो के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
इस अवसर पर वक्ताओं ने समाज सेवा, शिक्षा और मानव कल्याण के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए अविस्मरणीय योगदान को याद किया.श्रद्धांजलि मिसा पूजा और मुख्य सभा के समापन के बाद अतिथियों द्वारा गांव में एक फुटबॉल टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया गया. इसके बाद विधायक भूषण तिर्की और अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्व. कार्डिनल टोप्पो के परिजनों से उनके पैतृक आवास पर मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना तथा अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.गौरतलब है कि भारत के प्रमुख कैथोलिक धर्माध्यक्षों में शुमार कार्डिनल तेलेस्फोर पी. टोप्पो का निधन 4 अक्टूबर 2023 को रांची जिले के मांडर स्थित कॉन्स्टेंट लिवेन्स अस्पताल में हुआ था. उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर हर वर्ष उनके पैतृक गांव झड़गांव में धार्मिक मिसा पूजा के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें याद किया जाता है.
यह भी पढ़ें: आनंदपुर के बेड़ा केन्दुदा पंचायत के डुमिरता गांव में संदिग्ध हालत में मिला 49 वर्षीय व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका