न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चेगौना धाम के पास शनिवार रात गैस सिलेंडर लदा ट्रक सड़क पर पलट गया. हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. हालांकि, राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
जानकारी के अनुसार, ट्रक डालटनगंज-औरंगाबाद मुख्य पथ से गैस सिलेंडर लेकर गुजर रहा था. इसी दौरान शनिवार रात करीब 8:30 बजे चेगौना धाम के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया. ट्रक में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर लदे होने के कारण दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों में चिंता का माहौल बन गया.
घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत दी. गैस सिलेंडर लदा वाहन होने के कारण पुलिस ने मौके पर विशेष सतर्कता बरती.
पुलिस की निगरानी में ट्रक और उसमें लदे गैस सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो. छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार चौबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक के नशे में होने की बात सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.