न्यूज़11 भारत
राजगंज /डेस्क: धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित पवन वस्त्रालय के समीप कल गुरुवार रात करीब 10:20 बजे एक टीवीएस लूना अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में लूना चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पीछे बैठे युवक को मामूली चोटें आईं हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक राजगंज के निवासी हैं और नाश्ता दुकान में मिस्त्री का कार्य करते हैं. बताया जा रहा है कि दोनों दलूडीह से राजगंज हटिया पट्टी लौट रहे थे. इसी दौरान पवन वस्त्रालय के समीप सड़क किनारे जमा कचरे पर लूना का टायर चढ़ जाने से वाहन असंतुलित होकर सड़क पर गिर गयी, जिससे लूना चालक 30 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं. वहीं पीछे बैठे युवक को मामूली चोटें आईं
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे जमा कचरा हादसे का कारण बना. घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
इसे भी पढ़ें: रातू थाना परिसर में सांप दिखने से मचा हड़कंप, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद हुआ रेस्क्यू