प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड क्षेत्र के अमलीया-रायकेरा जंगल में इन दिनों दो जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है. दोनों हाथी जंगल से निकलकर आए दिन सड़क और जंगल से सटे खेतों में पहुंच रहे हैं. हाथियों द्वारा धान की फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है. वहीं हाथियों के मुख्य मार्ग की ओर आने से सड़क से गुजरने वाले राहगीरों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना हुआ है. हाथियों की लगातार बढ़ती गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग गुमला की टीम वनरक्षी अकील अहमद के नेतृत्व में रायकेरा गांव एवं आसपास के जंगल क्षेत्र में पहुंची. टीम ने देर रात तक क्षेत्र में निगरानी और गश्ती की.
इस दौरान गांव में लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की गई. वन विभाग ने ग्रामीणों को विशेष रूप से रात के समय जंगल अथवा जंगल से सटे रास्तों पर अकेले नहीं जाने की सलाह दी. वनरक्षी अकील अहमद ने बताया कि वन प्रमंडल गुमला के निर्देशानुसार ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रायकेरा सब बीट क्षेत्र में वन विभाग की टीम लगातार रात्रि गश्ती कर रही है. हाथियों के संभावित आवागमन वाले इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि हाथियों के दिखाई देने पर उनके नजदीक जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास नहीं करें और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दें.
गश्ती के दौरान वन विभाग की टीम ने कुछ ग्रामीणों को रात में रायकेरा की ओर जंगल मार्ग से बाइक से जाते हुए देखा. टीम ने उन्हें रोककर क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की जानकारी दी और सावधानीपूर्वक आगे बढ़ने की सलाह दी. विभाग की ओर से ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ-साथ टॉर्च लाइट और पटाखों का भी वितरण किया गया,ताकि आपात स्थिति में ग्रामीण सुरक्षित तरीके से हाथियों से दूरी बना सकें. इधर देर शाम तक रायकेरा जंगल से सटे धान के खेतों में दोनों जंगली हाथियों को विचरण करते देखा गया. हाथियों के खेतों में पहुंचने की खबर फैलते ही उन्हें देखने के लिए राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी. कई लोग हाथियों के काफी नजदीक जाकर मोबाइल फोन से वीडियो बनाने और सोशल मीडिया के लिए रील तैयार करने का प्रयास करते नजर आए. इससे किसी अप्रिय घटना की आशंका और बढ़ गई है.
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों को देखने के लिए भीड़ न लगाएं और किसी भी परिस्थिति में उनके करीब जाने,फोटो-वीडियो बनाने या उन्हें उकसाने का प्रयास न करें. हाथी अचानक आक्रामक हो सकते हैं,इसलिए उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखना ही सबसे बेहतर उपाय है. वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है. ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि रात के समय जंगल एवं जंगल से सटे रास्तों पर जाने से बचें. खेतों में जाने से पहले हाथियों की मौजूदगी की जानकारी प्राप्त कर लें. हाथी दिखाई देने पर शोर मचाकर या उनके करीब जाकर उन्हें भगाने का प्रयास नहीं करें,बल्कि सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और वन विभाग को सूचना दें. लगातार दो हाथियों की मौजूदगी से अमलीया,रायकेरा और आसपास के गांवों के ग्रामीणों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.