संदिग्ध बीमारी

संकुटोला गांव में संदिग्ध बीमारी से दो महिलाओं की मौत, ग्रामीणों में चिंता

मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र की सारंडा स्थित लाइलोर पंचायत के संकुटोला गांव में बीते दो दिनों के भीतर एक ही परिवार की दो महिलाओं की संदिग्ध बीमारी से मौत का मामला सामने आया है.

By : Ark Sahuliyar
संकुटोला गांव में संदिग्ध बीमारी से दो महिलाओं की मौत, ग्रामीणों में चिंता

न्यूज़11 भारत 
पश्चिमी सिंहभूम/डेस्क:
मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र की सारंडा स्थित लाइलोर पंचायत के संकुटोला गांव में बीते दो दिनों के भीतर एक ही परिवार की दो महिलाओं की संदिग्ध बीमारी से मौत का मामला सामने आया है. मृतकों की पहचान 35 वर्षीय गीता किंबो और 32 वर्षीय पदमा किंबो के रूप में हुई है. दोनों की मौत के बाद गांव में मातम के साथ-साथ ग्रामीणों में बीमारी को लेकर चिंता का माहौल है.

ग्रामीणों के अनुसार, गीता किंबो की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था. वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें राउरकेला स्थित आरजीएच अस्पताल रेफर किया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. बताया गया कि अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम भी कराया गया.

वहीं, उसी परिवार की दूसरी महिला पदमा किंबो की भी मौत अस्पताल ले जाने के दौरान घर पर ही हो गई. ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों महिलाओं में बीमारी के लगभग समान लक्षण दिखाई दिए थे.

ग्रामीणों ने बताया कि दोनों महिलाओं को अचानक शरीर में तेज दर्द और गले में तकलीफ की शिकायत हुई. इसके बाद उन्हें बोलने में परेशानी होने लगी और खाना-पानी निगलना भी मुश्किल हो गया. हालत बिगड़ने पर गीता किंबो को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन राउरकेला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं पदमा किंबो की भी शुक्रवार को मौत होने की जानकारी ग्रामीणों ने दी.

एक ही परिवार की दो महिलाओं में समान लक्षणों के बाद हुई मौत से ग्रामीणों में बीमारी को लेकर आशंका बढ़ गई है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों महिलाओं की मौत किस बीमारी या अन्य कारण से हुई. फिलहाल ग्रामीणों ने मामले की जांच कर मौत के कारण का पता लगाने की मांग की है.