न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क:
रांची में हथियार के साथ रील बनाने और दबदबा कायम करने का शौक दो युवकों को सलाखों के पीछे पहुंचा गया.सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पिस्तौल और जिंदा गोली के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है .गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितेश मिर्धा और ऋतिक राज के रूप में हुई है. पुलिस अब उस शख्स तक पहुंचने में जुटी है, जिसने दोनों को हथियार मुहैया कराया था.रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में पुलिस को हथियार के साथ दो युवकों के मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी.
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रितेश मिर्धा और ऋतिक राज को दबोच लिया. तलाशी के दौरान दोनों के पास से पिस्तौल और जिंदा गोली बरामद की गई है.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों युवक अपराध की दुनिया में अपनी धाक जमाने के इरादे से हथियार लेकर घूम रहे थे. हथियार के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर दबदबा कायम करने की भी तैयारी थी.