न्यूज़11 भारत
बोकारो/डेस्क: बोकारो के सेक्टर-12E में जर्जर बीएसएल क्वार्टरों को लेकर लोगों का आक्रोश एक बार फिर सामने आया है. रक्षाबंधन के दिन आज शुक्रवार को 1289 से 1294 नंबर तक के क्वार्टर का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान एक बुजुर्ग अंदर फंसे थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला. घटना के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ.
दरअसल, सेक्टर-12E में जर्जर क्वार्टरों को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे हैं. लोगों के मुताबिक, पिछले वर्ष 15 अगस्त के दिन भी इसी इलाके में एक आवास भरभराकर गिर गया था, जिससे भारी नुकसान हुआ था. इसके बाद 14 अगस्त को क्वार्टर नंबर 1283 से 1288 के पास टंकी और सीढ़ी गिरने की घटना भी सामने आई थी. अब इसके ठीक बगल में 1289 से 1294 नंबर तक के क्वार्टर का ऊपरी हिस्सा गिर गया.

घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों का आरोप है कि जर्जर क्वार्टरों को लेकर बीएसएल को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
इधर सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कुछ अधिकारियों को लोगों ने अपने बीच बैठा लिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जब तक वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी समस्या नहीं सुनते और समाधान का भरोसा नहीं देते, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे. इस दौरान स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच बहस भी हुई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीएसएल के कई क्वार्टर लंबे समय से मरम्मत के इंतजार में हैं और अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
वहीं, पूर्व में बोकारो विधायक श्वेता सिंह भी जर्जर क्वार्टर का निरीक्षण कर बीएसएल अधिकारियों को जल्द कार्रवाई की चेतावनी दे चुकी हैं. उन्होंने कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की बात कही थी.