भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय प्रखंड के उदयपुर पंचायत के चुटियाडीह गांव में संचालित रौनक एसएचजी जन वितरण प्रणाली दुकान के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है. ग्रामीणों ने डीलर पर पिछले तीन माह से राशन वितरण नहीं करने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर करीब 100 ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अशोक राणा को सौंपा गया है.
गुरुवार को कई कार्डधारी प्रखंड परिसर पहुंचे और आपूर्ति पदाधिकारी को आवेदन देकर रौनक एसएचजी से नाम हटाकर चंपा एसएचजी में नाम जोड़ने की मांग की. ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान संचालक बालेश्वर राय राशन देने के नाम पर कार्डधारियों को बुलाते हैं और उनका अंगूठा लगवाने के बाद भी अनाज उपलब्ध नहीं कराते हैं. राशन मांगने पर चावल ब्लॉक से नहीं आने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है.
ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले को लेकर करीब दो माह पूर्व भी विवाद हुआ था. उस समय आक्रोशित ग्रामीण ई-पॉश मशीन लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंच गये थे. बाद में विभागीय अधिकारियों ने मामले को शांत कराया था.
ग्रामीणों की शिकायत पर एमओ अशोक राणा ने रौनक एसएचजी की दुकान की जांच की और ग्रामीणों से भी पूछताछ की. उन्होंने कहा कि दुकान की जांच की गयी है. जांच में मिली गड़बड़ियों के आधार पर संबंधित डीलर के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
आवेदन में रीमा मरांडी, शांति मुर्मू, बड़की हासदा, मोनिका देवी, गुलाबी देवी, हेमो देवी, छोटकी देवी, विनोद मोहली, दुर्गा हेम्ब्रम, हरिलाल मुर्मू समेत करीब 100 ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं.
यह भी पढ़ें: उपायुक्त ने डंपिंग यार्ड का किया निरीक्षण, Legacy Waste के निस्तारण कार्य का लिया जायजा