न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: जिले के मेदीनीनगर के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड मामले में न्यायालय से कुर्की का आदेश मिलने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और राकेश तिवारी के घरों पर कुर्की की कार्रवाई की है. यह कार्रवाई सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में अंजाम दी गई.
एसडीपीओ सदर राजेश यादव ने बताया कि टाउन थाना कांड संख्या 141/26 के तहत दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे. बीते 31 मई 2026 को पुलिस ने ढोल-नगाड़े के साथ दोनों आरोपियों के घरों पर इश्तहार चिपकाकर उन्हें आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने की अपील की थी.
हालांकि, काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो दोनों आरोपियों ने अदालत या पुलिस के समक्ष सरेंडर किया और न ही उनकी गिरफ्तारी हो सकी. इसके बाद पुलिस द्वारा मामले में अग्रतर कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय से कुर्की का आदेश प्राप्त किया गया.
27 अगस्त को न्यायालय से कुर्की का आदेश मिलने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के घरों पर जब्ती व कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें: बैंक लॉकर में रखे स्त्रीधन पर पत्नी का हक, हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट का फैसला रखा बरकरार