संतोष कुमार/न्यूज11 भारत
चांडिल/डेस्क: लगातार हो रही बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर बढ़कर 181.27 मीटर पहुंच गया है. जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए विधायक सविता महतो ने सोमवार से ही डैम प्रबंधन ने वार्ता कर 13 रेडियल गेट खुलवाए हैं. इनमें चार गेट को 2.5 मीटर तथा नौ गेट को 1.5 मीटर तक खोला गया है. जलस्तर बढ़ने की सूचना मिलने के बाद ईचागढ़ की विधायक सबिता महतो लगातार डैम के जलस्तर और क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
उन्होंने डैम प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते हुए सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया. विधायक ने विशेष रूप से चांडिल डैम से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं पर ध्यान देने को कहा. डैम के आसपास तथा निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे लेकर प्रशासन को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक समय पर सूचना पहुंचे तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए.
डैम प्रबंधन और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जलस्तर, बारिश और निचले इलाकों की स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है. स्थिति के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर डैम के गेटों की संख्या और पानी निकासी की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है. विधायक सबिता महतो ने क्षेत्रवासियों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है. ईचागढ़ क्षेत्र की जनता, खासकर विस्थापित परिवारों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है. उक्त जानकारी उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दिया.
इसे भी पढ़ें: झारखंड टूरिज्म प्रोमोट करने वालों को मिलेगा सम्मान, आज से आवेदन शुरू; जानिए पूरा प्रोसेस