न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में आगामी 4-5 दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में आज भी झमाझम बारिश की संभावना है. वहीं कई इलाकों में हल्के से माध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. बारिश के साथ ही मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गयी है. मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. साथ ही किसनों को खेत से दूरी बनाये रखने की सलाह दी गयी है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश भी हो सकती है. वहीं लगातार बारिश से तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है.
राजधानी रांची में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं खूंटी, गुमला, हजारीबाग और रामगढ़ में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
बीते 24 घंटे में राजधानी रांची में भारी बारिश हुई. महज कुछ घंटे की बारिश में ही पूरी रांची जलमग्न हो गयी. कई जगहों पर सड़कों पर जलजमाव की स्थिति देखने को मिली.