रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा /डेस्क: जगन्नाथपुर राजकीय रस्सेल +2 विद्यालय के मैदान में रविवार को विश्व आदिवासी महोत्सव का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया. कार्यक्रम जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू के नेतृत्व में आयोजित किया गया था. महोत्सव में मनोहरपुर, किरीबुरू, गुवा सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से हो समाज और अन्य आदिवासी समुदाय के लोग बड़ी संख्या में जुटे. पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़े और लोकनृत्यों से पूरा मैदान आदिवासी रंग में रंगा नजर आया.
सर्वप्रथम विश्व आदिवासी महोत्सव का आयोजन में भगवान बिरसा मुंडा,सिद्धू कानू सहि कोल्हान के वीर सपूत कोल गुरु लाको बोदरा,फुलो-झानों,जयपाल सिंह मुंडा,पोटो हो के तस्वीरों में माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गया. मौके पर विधायक सोनाराम सिंकू ने इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों को आदिवासी गमछा,बांडी देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति हमारी पहचान है और इसे बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है.
युवा पीढ़ी को अपनी भाषा, परंपरा और रीति-रिवाजों से जुड़ने की जरूरत है तभी हम अपनी जड़ों को मजबूत रख पाएंगे.कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ वक्ताओं ने जल, जंगल, जमीन के अधिकार और शिक्षा के महत्व पर भी चर्चा की.समापन पर विधायक ने सभी से एकजुट होकर समाज की प्रगति और संस्कृति के संरक्षण के लिए काम करने का आह्वान किया.
यह भी पढ़ें: पाकुड़ जिले में विश्व आदिवासी दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया