न्यूज़11 भारत
ओरमांझी/डेस्क: जंगली हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत का शिकार हुए इरबा निवासी इस्तेखार अंसारी के परिजनों को वन विभाग की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता दी गई. आज गुरुवार को वन विभाग के कर्मी शिव नारायण महतो मृतक के घर पहुंचे और उनकी पत्नी अफसाना खातून को 25 हजार रुपये नकद सहायता राशि सौंपी. इस दौरान मरकजी अंजुमन कमेटी ईरबा के सदर सह पूर्व पंचायत समिति सदस्य इम्तियाज ओहदार और हकीम अंसारी भी मौजूद रहे.
मृतक की पत्नी की ओर से दिए गए लिखित बयान के अनुसार, 24 अगस्त की रात करीब 9 बजे जंगली हाथी के हमले में इस्तेखार अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल, इरबा में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान 25 अगस्त की दोपहर उनकी मौत हो गई.
इस्तेखार अंसारी की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है. वहीं, ग्रामीणों ने क्षेत्र में जंगली हाथियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद में आवारा सांड का आतंक: आधा दर्जन लोगों को उतारा मौत के घाट; नगर निगम की चुप्पी पर उठे सवाल