न्यूज़11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: जामताड़ा टाउन के सुमित्रा मार्केट स्थित सिद्धि ज्वेलर्स में दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे और स्वर्ण आभूषण विक्रेता को झांसा देकर करीब एक लाख रुपये मूल्य के जेवर लेकर फरार हो गए. घटना श्री कृष्णम वस्त्रालय के समीप स्थित प्रतिष्ठान में हुई. वारदात की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की.
पीड़ित दुकानदार दीनदयाल अग्रवाल ने बताया कि दो व्यक्ति दुकान पर पहुंचे और कान के टॉप्स तथा मंगलसूत्र के पेंडेंट दिखाने को कहा. इसके बाद दुकानदार ने उन्हें कई आभूषण दिखाए. इसी दौरान दोनों ने कथित तौर पर दो पेंडेंट चुपके से गायब कर दिए. इसके बाद उन्होंने दुकानदार को दो हजार रुपये दिए और कहा कि वे अपनी महिला रिश्तेदार को लेकर वापस आ रहे हैं. दोनों के दुकान से निकलने के बाद जब दीनदयाल अग्रवाल ने आभूषणों का मिलान किया तो दो आभूषण कम मिले. इसके बाद उन्होंने तत्काल दुकान से बाहर निकलकर दोनों की तलाश की, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे.

दुकानदार के अनुसार गायब किए गए आभूषणों की कीमत करीब एक लाख रुपये है. दीनदयाल अग्रवाल ने बताया कि दोनों आरोपी अलग-अलग दिशाओं से दुकान में पहुंचे थे. एक व्यक्ति घूंघट साड़ी प्रतिष्ठान की ओर से, जबकि दूसरा पॉपुलर मेडिकल हॉल की तरफ से आया था. इनमें से एक ने सफेद रंग की शर्ट और सिर पर टोपी पहन रखी थी, जबकि दूसरा स्थानीय व्यक्ति जैसा प्रतीत हो रहा था.
घटना की सूचना मिलने पर जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ सिद्धि ज्वेलर्स पहुंचे. पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और दुकानदार से घटना की जानकारी ली. थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की तस्वीर कैद हुई है. फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया.
इसे भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस के लिए रांची तैयार: मोरहाबादी मैदान में फुल ड्रेस परेड रिहर्सल, 9 बजे सीएम करेंगे झंडोत्तोलन