न्यूज़11 भारत
नेशनल/डेस्क: 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन भारत में हो रहा है. भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर 2026 को सम्मलेन का आयोजन किया जायेगा. इसके मद्देनजर जोरों-शोरों से तैयारियां चल रही है. ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए विदेशी मेहमानों का भारत आगमन भी शुरू हो गया है, जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा दिल्ली पहुंच चुके हैं.
चूंकि इस सम्मेलन की मेजबानी भारत कर रहा है. इस वजह से BRICS शिखर सम्मेलन लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और इससे संबंधित काफी सारे सवाल लोगों के दिमाग में घूम रहे हैं. इस खास लेख में जानिए BRICS शिखर सम्मेलन से जुड़े हर छोटे-बड़े सवालों के जवाब.
भारत चौथी बार कर रहा BRICS की मेजबानी
18वां BRICS शिखर सम्मेलन नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हो रहा है. भारत चौथी बार BRICS की मेजबानी कर रहा है. इससे पूर्व वर्ष 2012, 2016 और 2021 में भारत ने ब्रिक्स की अध्यक्षता की थी. पिछले साल 6-7 जुलाई 2025 को 17वें शिखर सम्मेलन का आयोजन ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में हुआ था.
BRICS शिखर सम्मेलन की थीम
इस बार BRICS शिखर सम्मेलन की थीम लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सततता के लिए निर्माण (Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability) है.
BRICS शिखर सम्मेलन में कुल 11 देश हैं, जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्त्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, इंडोनेशिया और सऊदी अरब शामिल है.
BRICS शिखर सम्मेलन का उद्देश्य
BRICS शिखर सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक, व्यापारिक और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करना है. इसके जरिए वैश्विक मुद्दों पर साझा रुख तैयार करने, विकासशील देशों की आवाज को मजबूत करने तथा व्यापार, निवेश, ऊर्जा, तकनीक और वित्त जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जाता है.
BRICS का इतिहास
पूर्व में इसका नाम BRIC था. यह सदस्य देशों के नाम के पहले अक्षर से बना था. B- ब्राजील, R- रूस, I - भारत , C- चीन. इसके बाद वर्ष 2010 में दक्षिण अफ्रिका के इसमें शामिल होने के बाद इसके नाम में S जुड़ गया और पूरा नाम BRICS हो गया.
2024 में ब्रिक्स का बड़ा विस्तार हुआ, जब इसमें मिस्त्र, इथियोपिया, ईरान और UAE नए पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल हुए. इंडोनेशिया 2025 में पूर्ण सदस्य बना, जबकि सऊदी अरब को भी वर्तमान सदस्य सूची में शामिल किया गया है.
इसे भी पढ़ें: कारीगरों के लिए वरदान है PM विश्वकर्मा योजना! मिलते हैं हजारों फायदे, जानिए योजना की पूरी जानकारी