न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार की राजनीति में 14 अप्रैल का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे की चर्चाओं के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं और सत्ता परिवर्तन की अटकलों ने माहौल को और गर्म कर दिया है।
हाईलाइट्स :
- 14 अप्रैल को Nitish Kumar के इस्तीफे की अटकलों से बिहार में सियासी हलचल तेज
- Jitan Ram Manjhi ने किया भावुक ट्वीट, कहा— “बिहार आपके बिना अधूरा”
- मांझी ने नीतीश के ‘चारों सदनों’ के सपने का किया जिक्र
- इस्तीफे की चर्चा से लोगों में भावनात्मक माहौल, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़
- 14 अप्रैल को बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव की संभावना
भावुक ट्वीट से बढ़ी चर्चा
इसी बीच केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री Jitan Ram Manjhi का एक भावुक ट्वीट सामने आया है, जिसने राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम जनता का भी ध्यान खींच लिया है। मांझी के इस ट्वीट को मौजूदा सियासी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
नीतीश जी,अगले चौबीस घंटे में आप बिहार के मुख्यमंत्री पद को छोड़ देंगें।
— Jitan Ram Manjhi (@jitanrmanjhi) April 13, 2026
सबको पता है कि आपका यह ख़्वाब था कि आप देश के चारों सदनों के सदस्य रहें पर आपके इस ख़्वाब ने करोड़ों दिलों को रूला दिया है।
नीतीश जी बिहार ने कई मुख्यमंत्रियों को आते-जाते देखा है पर शायद ये पहला मौक़ा है जब… pic.twitter.com/pt2ojit6lB
‘चारों सदनों’ वाले सपने का जिक्र
जीतन राम मांझी ने अपने ट्वीट में लिखा कि अगले 24 घंटे में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का सपना देश के चारों सदनों का सदस्य बनने का रहा है, लेकिन इस ख्वाब ने करोड़ों लोगों को भावुक कर दिया है। मांझी ने आगे लिखा कि बिहार ने कई मुख्यमंत्रियों को आते-जाते देखा है, लेकिन यह पहला मौका है जब किसी मुख्यमंत्री के पद छोड़ने की खबर मात्र से ही लोगों की आंखों में आंसू आ गए हैं। उन्होंने कहा कि भले ही यह फैसला व्यक्तिगत हो, लेकिन पूरा बिहार आज ग़मज़दा है।
वी विल मिस यू नीतीश जी
अपने ट्वीट के अंत में मांझी ने लिखा— “हर बिहारी कह रहा है, वी विल मिस यू नीतीश जी… आप महामानव हैं, बिहार आपके बिना अधूरा है।” इस भावुक संदेश ने सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी है और लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे को लेकर राज्य में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। नई सरकार के गठन और सियासी समीकरणों को लेकर बैठकों का दौर जारी है। अब सभी की नजरें 14 अप्रैल पर टिकी हैं, जब बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
इसे भी पढ़ें - क्या आज ही बनने जा रही है नई सरकार? सम्राट चौधरी के घर बैठकों का दौर तेज, JDU-BJP में मंथन जारी