न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
वैशाली - वैशाली डीएम वर्षा सिंह ने मुख्यमंत्री के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जमीन पर उतारते हुए शनिवार को अनोखी पहल की। डीएम अपने सरकारी आवास से करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर समाहरणालय स्थित कार्यालय पहुंचीं और दिनभर सरकारी कार्यों का निष्पादन किया। उनकी इस पहल की जिलेभर में चर्चा रही और लोगों ने इसे सकारात्मक संदेश देने वाला कदम बताया।
हाईलाइट्स -
- वैशाली डीएम वर्षा सिंह पैदल चलकर पहुंचीं समाहरणालय
- ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
- हर शनिवार जिले में मनाया जाएगा ‘नो व्हीकल डे’
- अधिकारियों और कर्मचारियों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील
अधिकारियों ने भी निभाया साथ
डीएम के इस अभियान में कई प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए। कई पदाधिकारी निजी वाहनों का इस्तेमाल छोड़ पैदल समाहरणालय पहुंचे। सड़क पर अधिकारियों को पैदल चलते देख लोगों में उत्सुकता दिखी। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह की पहल से न सिर्फ ईंधन की बचत होगी, बल्कि लोगों में पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
हर शनिवार रहेगा ‘नो व्हीकल डे’
जिला प्रशासन ने अब प्रत्येक शनिवार को ‘नो व्हीकल डे’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। प्रशासन की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की गई है। साथ ही छोटे कार्यों के लिए पैदल चलने और साइकिल अपनाने पर भी जोर दिया गया है।
डीएम बोलीं— छोटी पहल से आएगा बड़ा बदलाव
डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की बचत आज की बड़ी जरूरत है। इससे आर्थिक संसाधनों की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अगर लोग छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाएं, तो समाज में बड़ा परिवर्तन संभव है। इस दौरान सदर एसडीओ रामबाबू बैठा, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार समेत कई अधिकारी भी पैदल समाहरणालय पहुंचे।
इसे भी पढ़ें - बिहार में एग्जाम और भर्ती का डबल अपडेट, BEd- CET की तारीख घोषित, पुलिस बहाली में बड़ा एक्शन