न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने वैशाली जिले के लालगंज अंचल में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने अंचल अमीन सुजीत कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद से पूरे जिला प्रशासन और अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल है।
जमीन परिमार्जन के नाम पर मांगी थी मोटी रकम
SVU के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद के अनुसार, यह कार्रवाई आनंद कुमार (इनायतपुर प्रबोधी सराय) और पप्पू कुमार (मुर्गियाचक) की शिकायत पर की गई है। अमीन सुजीत कुमार जमीन की मापी और परिमार्जन जैसे सरकारी कार्यों के बदले परिवादियों से भारी भरकम रिश्वत की डिमांड कर रहा था। बताया गया कि आरोपी ने पप्पू कुमार से 3 लाख रुपये और आनंद कुमार से 60 हजार रुपये की मांग की थी।
जाल बिछाकर रंगे हाथ दबोचा गया आरोपी
शिकायत मिलने के बाद SVU ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद 'SVU थाना कांड संख्या-18/2026' दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक चंद्रभूषण के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी सुजीत कुमार ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये लिए, सतर्क टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
लालगंज अंचल: भ्रष्टाचार का बन रहा केंद्र?
लालगंज प्रखंड और अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले जून 2025 में भी निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन बीडीओ नीलम कुमारी और उनके चालक को प्रधानमंत्री आवास योजना के बदले 20 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा था। एक साल के भीतर दूसरी बड़ी गिरफ्तारी ने लालगंज के प्रशासनिक तंत्र की पारदर्शिता और ईमानदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तार अमीन सुजीत कुमार को पटना ले जाया गया है, जहाँ उससे गहन पूछताछ की जा रही है। SVU की टीम इस बात की भी जांच कर रही है कि इस खेल में कार्यालय के कुछ अन्य बड़े अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल तो नहीं थे। फिलहाल, इस कार्रवाई ने घूसखोर कर्मचारियों के बीच दहशत पैदा कर दी है।