न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
भोजपुर - भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड में एक अनोखी शवयात्रा ने पूरे इलाके का ध्यान खींच लिया। 95 वर्षीय कौशल्या देवी के निधन के बाद उनके पोतों ने ऐसी भव्य अंतिम यात्रा निकाली कि लोग देखते ही रह गए। आमतौर पर शोक में डूबी रहने वाली शवयात्रा यहां एक अलग ही अंदाज में दिखाई दी, जहां गम के साथ यादों का जश्न भी देखने को मिला।
हाईलाइट्स -
- भोजपुर के शाहपुर में 95 वर्षीय कौशल्या देवी की अनोखी शवयात्रा
- 700 से ज्यादा गाड़ियां और 3500+ लोगों की भीड़ हुई शामिल
- ड्रोन कैमरे से पूरी यात्रा की कवरेज, छतों से लोगों ने देखा नजारा
- शवयात्रा में लौंडा नाच और बैंड-बाजा, बारात जैसा बना माहौल
- पोतों ने दादी की आखिरी इच्छा को भव्य तरीके से किया पूरा
700 गाड़ियां, हजारों की भीड़ और ड्रोन कवरेज
शवयात्रा को खास बनाने के लिए पोतों ने महज 24 घंटे में 700 से ज्यादा गाड़ियों का इंतजाम किया। इस दौरान करीब 3500 से अधिक लोग शामिल हुए। पूरी यात्रा की निगरानी और रिकॉर्डिंग के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया गया। बैंड-बाजा और गाजे-बाजे के साथ निकली इस यात्रा को देखकर लोग हैरान रह गए। कई जगहों पर लोग छतों पर चढ़कर इस नजारे को देखने लगे।
लौंडा नाच ने बनाया माहौल अलग
इस अंतिम यात्रा की सबसे खास बात रही पारंपरिक लौंडा नाच, जो आमतौर पर शादियों में देखने को मिलता है। शवयात्रा में इसका आयोजन लोगों के लिए बिल्कुल नया अनुभव था। माहौल ऐसा था कि कई लोग इसे बारात समझ बैठे। इस अनोखे अंदाज ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी।
कैंसर से हुई थी कौशल्या देवी की मौत
कौशल्या देवी पिछले तीन वर्षों से कैंसर से जूझ रही थीं। उनके पति डॉ. जनार्दन पांडेय का निधन पहले ही हो चुका था। परिवार में दो बेटे और छह पोते हैं। परिवार आर्थिक रूप से सशक्त है और सभी पोते अलग-अलग व्यवसाय से जुड़े हैं।
आखिरी इच्छा को पोतों ने बनाया यादगार
परिजनों के अनुसार, कौशल्या देवी ने जीवन में एक बार इच्छा जताई थी कि जिस तरह वे दुल्हन बनकर इस घर में आई थीं, उसी तरह उनकी विदाई भी धूमधाम से हो। पोतों ने उनकी इसी इच्छा को सम्मान देते हुए अंतिम यात्रा को यादगार बना दिया।
इलाके में चर्चा: पोते हों तो ऐसे हों
इस अनोखी शवयात्रा के बाद पूरे इलाके में एक ही चर्चा है—“पोते हों तो ऐसे।” जहां एक तरफ लोगों ने इसे दादी के प्रति प्रेम और सम्मान का अनोखा उदाहरण बताया, वहीं कुछ लोग इस पर हैरानी भी जता रहे हैं।
इसे भी पढ़ें - सम्राट से लगता है डर... जीतन राम मांझी ने खुले मंच से कह दी बड़ी बात, सीएम को दिया....