हर्ष कुमार/न्यूज11 भारत
नालंदा/डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को नालंदा विधानसभा क्षेत्र के चंडासी में आयोजित एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यदि देश और बिहार और केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है तो नालंदा में फिर से दुनिया का सबसे उत्कृष्ट विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा, जो ज्ञान और शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनेगा. राहुल गांधी ने कहा कि प्राचीन काल में नालंदा पूरी दुनिया का ज्ञान और शिक्षा का प्रतीक था, जहां दुनिया भर से विद्यार्थी पढ़ने आते थे, लेकिन आज बिहार के युवा रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों और देशों में मजदूरी करने को मजबूर हैं.
उन्होंने कहा कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है, यहां एग्जाम से पहले ही प्रश्नपत्र लीक हो जाते हैं, जिससे प्रतिभाशाली छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है. राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग देश के संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आज बिहार की सरकार असल में केंद्र की मोदी सरकार चला रही है. नीतीश कुमार केवल नाम के मुख्यमंत्री हैं, जबकि फैसले दिल्ली से लिए जाते हैं. उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार बिहार की जनता बदलाव करे और इंडिया गठबंधन को मौका दे ताकि नालंदा और बिहार एक बार फिर शिक्षा, विकास और रोजगार का केंद्र बन सके.
यह भी पढ़ें: JDU के विधायक विजय सिंह निषाद को जान से मारने की मिली धमकी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
https://www.news11bharat.com/bihar/jdu-mla-vijay-singh-nishad-received-death-threats-police-have-arrested-the-accu/95923