अफरोज आलम/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: समस्तीपुर जिले के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक निर्माणाधीन मकान के खुले स्थान पर, चार-चार युवक अवैध विदेशी शराब का सेवन कर रहे हैं. उनके सामने अवैध विदेशी शराब से भरी बोतल रखी है, जिसे बारी-बारी से सभी निकालकर पी रहे हैं. वीडियो में सामने बिहार सरकार द्वारा अनुदानित शौचालय भी दिखाई दे रहा है. शराब का सेवन करने वाले युवकों का व्यवहार देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उनके अंदर स्थानीय पुलिस का कोई भय नहीं है. इस कारण वे आराम से बैठकर शराब का सेवन कर रहे हैं. हमारी न्यूज टीम द्वारा वायरल वीडियो की जांच में पता चला कि यह वीडियो उजियारपुर थाना क्षेत्र के पतैली पश्चिमी पंचायत के सुरजपुर वार्ड 04 का बताया जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार, उजियारपुर थाना से महज डेढ़ किलोमीटर दूर ही एक पिकअप पर विदेशी शराब की बड़ी खेप उतारी गई थी. उसी शराब माफिया ने उक्त युवकों को शराब उपलब्ध कराई, जिसे वे निर्माणाधीन मकान में खुलेआम पी रहे थे. सूत्रों के अनुसार, वीडियो में दिख रहे शराबी युवकों में से तीन स्थानीय पंचायत पतैली पश्चिमी के निवासी हैं, और एक युवक गांव का दामाद बताया जा रहा है. स्थानीय युवकों में संजीव सहनी के पुत्र अमित कुमार, परमेश्वर सहनी उर्फ भीम सहनी के पुत्र राहुल कुमार, और एक अन्य युवक राहुल कुमार साह है. वहीं चौथा व्यक्ति भीम सहनी का दामाद बताया जा रहा है.
अब सवाल यह उठता है कि उजियारपुर थानाध्यक्ष दिनभर थाने में बैठे रहते हुए क्या कर रहे हैं? क्या उजियारपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों और शराबियों का मनोबल इतनी ऊँचाई पर है? क्या थाने में पदस्थ अन्य पुलिस अधिकारी ही अपनी ड्यूटी निभाएंगे? क्या थानाध्यक्ष का यह कर्तव्य नहीं कि वे अपने थाना क्षेत्र की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखें? यह सवाल इसलिए भी अहम है क्योंकि थानाध्यक्ष को सप्ताह में केवल एक-दो दिन ही थाने से बाहर निकलते देखा जाता है, और वह भी किसी खास वाहन चालक के साथ. उजियारपुर पुलिस की इसी शिथिलता के कारण, हाल ही में थाना से केवल 10 कदम की दूरी पर एक नाबालिग किशोरी के साथ उसके माता-पिता के सामने छेड़छाड़ की घटना हुई. इतना ही नहीं, थाना से 100 मीटर की दूरी पर एक शराबी बीच सड़क पर करीब आधे घंटे तक सोया रहा, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. हद तो तब हो जाती है, जब एक बाइक पर सवार दो शराबी युवक थाना के सामने गाली-गलौज करते हुए निकल जाते हैं, लेकिन उजियारपुर पुलिस उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं कर पाती. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वीडियो में दिख रहे शराबी युवकों पर उजियारपुर थाने की पुलिस कब तक कार्रवाई करती है.
यह भी पढ़े: दानापुर में EOU की बड़ी कार्रवाई: कोऑपरेटिव बैंक अफसर के घर छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति व कैश बरामद