न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
वैशाली - बिहार के वैशाली जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ हाजीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन की खेप जब्त की है। पटना STF की सूचना पर चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 140.82 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
हाईलाइट्स:
- STF इनपुट पर हाजीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- 140.82 ग्राम हेरोइन बरामद, कीमत करीब 35 लाख
- 7 तस्कर गिरफ्तार, महिला की भूमिका भी सामने आई
- असम से ट्रेन के जरिए लाई गई थी ड्रग्स की खेप
- बिदुपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पकड़े गए आरोपी
- संगठित गिरोह का खुलासा, 4 फाइनेंसर की पहचान
- तस्करों के पास से 5 मोबाइल फोन जब्त
- अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
- शराबबंदी के बाद “सूखे नशे” का बढ़ता नेटवर्क
- कार्रवाई से इलाके में तस्करों के बीच हड़कंप
असम से लाई गई थी खेप
हाजीपुर सदर अनुमंडल-1 के SDPO सुबोध कुमार ने बताया कि यह हेरोइन असम से ट्रेन के जरिए लाई गई थी। तस्कर हाजीपुर पहुंचकर रामाशीष चौक की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने बिदुपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
महिला की भूमिका भी सामने आई
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस तस्करी नेटवर्क में महिलाओं का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। सीमावर्ती राज्यों से नशे की खेप लाने के लिए तस्कर नए-नए तरीके अपना रहे हैं।
संगठित गिरोह का खुलासा
गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो लंबे समय से इस इलाके में सक्रिय है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के चार बड़े फाइनेंसर इस नेटवर्क को फंडिंग करते हैं, जो असम से हेरोइन मंगवाते हैं और स्थानीय स्तर पर इसकी सप्लाई कराते हैं।
पांच मोबाइल भी जब्त, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने तस्करों के पास से पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनके जरिए नेटवर्क की जांच की जा रही है। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
सूखे नशे की बढ़ती चुनौती
शराबबंदी लागू होने के बाद बिहार में अब “सूखे नशे” यानी ड्रग्स का कारोबार तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। वैशाली में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे तस्करों में हड़कंप मच गया है।
इसे भी पढ़ें - MLC सीट पर BJP का मास्टरस्ट्रोक! मंगल पांडे की सीट पर अरविंद शर्मा ने किया नामांकन दाखिल