रांची : झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत राज्य के 1,215 सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर की पढ़ाई होगी. स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने के लिए 1-2 दिनों में टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. टेंडर जेम पोर्टल के माध्यम से निकाला जायेगा. झारखंड शिक्षा परियोजना ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है.
राज्य के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर की पढ़ाई की योजना साल 2014-15 में शुरू हुई थी. शुरुआती साल 2014-15 में 465 स्कूलों में कंप्यूटर की पढ़ाई कराने को सहमति दी गयी थी. इन सभी स्कूलों में दिसंबर 2016 में कंप्यूटर लैब स्थापित कर दिया गया. इसके बाद वर्ष 2017-18 के 449 स्कूलों में से 435 में और वर्ष 2018-19 के 488 स्कूलों में से 13 में कंप्यूटर लैब स्थापित किया गया. जबकि, वर्ष 2020-21 के 726 स्कूलों में से किसी में भी कंप्यूटर लैब स्थापित नहीं किया गया है.
इस तरह 2020-21 तक कुल 2,189 स्कूलों में कंप्यूटर की पढ़ाई शुरू करने की सहमति दी गयी. इनमें से मात्र 974 स्कूलों में ही कंप्यूटर लैब स्थापित है जबकि, 1,215 स्कूलों में कंप्यूटर लैब नहीं स्थापित किया जा सका है.
गौरतलब है कि पहले ‘राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान’ के तहत राज्य के सरकारी हाइस्कूलों व प्लस टू स्कूलों में कंप्यूटर की पढ़ाई की योजना शुरू की गयी थी. फिर अभियान के बंद होने के बाद इसे ‘समग्र शिक्षा अभियान’ के तहत संचालित किया जा रहा है. इसके तहत एक स्कूल को कंप्यूटर लैब स्थापित करने के लिए 6.40 लाख रुपये दिये जाते हैं. योजना में आंवटित 60 फीसदी राशि केंद्र सरकार और 40 फीसदी राशि राज्य सरकार देती है.
बता दें झारखंड शिक्षा परियोजना ने पिछल साल ही राज्य के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की थी. लेकिन, केंद्र सरकार ने इसे नामंजूर करते हुए कंप्यूटर लैब स्थापित करने के लिए टेंडर की प्रक्रिया जेम पोर्टल के जरिये करने को कहा. जिसके बाद झारखंड शिक्षा परियोजना द्वारा फिर इसकी प्रक्रिया शुरू की गयी है.