न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
औरंगाबाद - अंबा-नबीनगर पथ पर सोमवार को हुई गोलीबारी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। चिंतावन बिगहा गांव निवासी सुनील पांडेय उर्फ अरुण पांडेय को उस वक्त गोली मार दी गई, जब वे अपने बेटे की बरात की तैयारी में जुटे थे। कार सवार बदमाशों ने अचानक हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
हाईलाइट्स -
- बरात से पहले दूल्हे के पिता को मारी गोली
- प्रेम प्रसंग और पहले से शादी का मामला आया सामने
- दूल्हा था निशाना, पिता को लगी गोली
- घटना के बाद शादी टली, दोनों पक्षों में तनाव
- आरोपी युवक फरार, पुलिस की छापेमारी जारी
प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
पुलिस जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। बताया जा रहा है कि जिस युवती की शादी अरुण पांडेय के बेटे रामकुमार पांडेय से तय हुई थी, उसका पहले से बिक्रम के एक युवक से प्रेम संबंध था। दोनों पटना में साथ रह चुके थे। आरोप है कि उसी युवक ने इस घटना को अंजाम दिलाया।
पहले से शादी का दावा, फिर विरोध
आरोपित युवक ने पुलिस को बताया है कि वह पहले ही युवती से शादी कर चुका है। बावजूद इसके जब युवती की दूसरी शादी तय हुई, तो उसने इसका विरोध शुरू कर दिया। उसने लड़की और लड़के पक्ष को धमकी भी दी थी और अपने संबंध की जानकारी पहले ही दे दी थी।
पहले से रच रहा था साजिश
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को आरोपित युवक अपने चार साथियों के साथ चिंतावन बिगहा गांव पहुंचा था। वहां उसकी मुलाकात जयमंगल पांडेय से हुई थी। आशंका है कि उसी दौरान उसने पूरी साजिश रची। हमलावरों का मुख्य निशाना दूल्हा रामकुमार पांडेय था, लेकिन योजना विफल होने पर उसके पिता अरुण पांडेय को गोली मार दी गई।
शादी रुकी, परिवार में तनाव
घटना के बाद शादी की सभी रस्में रोक दी गईं और बरात नहीं निकल सकी। लड़की पक्ष के लोग पटना के अस्पताल पहुंचकर घायल अरुण पांडेय का हालचाल लिया और शादी की बात भी कही, लेकिन लड़के पक्ष ने फिलहाल इनकार कर दिया है।
इलाज जारी, हालत स्थिर
घायल अरुण पांडेय का इलाज पटना के एक अस्पताल में चल रहा है। परिजनों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
पुलिस कर रही छापेमारी
थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन वह अभी फरार है।
इसे भी पढ़ें - जब शवयात्रा बन गई सेलिब्रेशन:700 गाड़ियां, लौंडा नाच और ड्रोन… दादी की ऐसी विदाई पहले नहीं देखी होगी!