प्रभात कुमार/न्यूज़11 भारत
जमशेदपुर/डेस्क: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव के बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. एसआईटी ने फायरिंग की साजिश में शामिल चार आरोपियों को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और दीपू ओझा शामिल हैं. पुलिस की जांच में जमीन कारोबार और रेलवे ठेकेदारी से जुड़े विवाद में हत्या की साजिश रचे जाने की बात सामने आई है. सीनियर एसपी डॉक्टर एहतेशाम ने कहा कि सुपारी देकर हत्या की योजना बनाई गई थी. जमशेदपुर के बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग ने पूरे शहर को हिला दिया था. 26 सितंबर को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने रेस्टोरेंट में घुसकर करीब 11 से 12 राउंड गोलियां चलाई थीं.इस फायरिंग में चार लोग घायल हुए थे.
घटना के बाद एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के छत्तीसगढ़ की तरफ भागने की जानकारी मिली, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए चार कथित साजिशकर्ताओं को रायपुर क्षेत्र में पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपियों में परसूडीह निवासी टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और सिदगोड़ा निवासी दीपू ओझा शामिल हैं. पुलिस की जांच में जमीन के कारोबार और रेलवे ठेकेदारी से जुड़े विवाद तथा वर्चस्व की रंजिश का एंगल सामने आया है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उन लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने फायरिंग को अंजाम दिया था.
यह भी पढ़ें- मुंहबोली नाबालिग बहन की हत्या और शव गायब करने के आरोपी राहुल पाठक की जमानत याचिका खारिज