न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: आज के फैशन ट्रेंड में ब्लैक जींस सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि स्टाइल स्टेटमेंट बन चुकी हैं. कॉलेज हो, ऑफिस, पार्टी या कैजुअल आउटिंग - काली जींस हर लुक में आसानी से फिट हो जाती हैं. यही वजह है कि लगभग हर किसी के वार्डरोब में कम से कम एक ब्लैक जींस जरूर होती हैं.
लेकिन एक बड़ी परेशानी लगभग हर व्यक्ति को होती है- कुछ ही बार धोने के बाद ब्लैक जींस का रंग उड़ने लगता हैं. जींस ग्रे या सफेद सी दिखाई देने लगती है और उसका नया जैसा लुक खत्म हो जाता हैं. कई लोग इसे कपड़े की खराब क्वालिटी समझते हैं, जबकि असली वजह अक्सर गलत वॉशिंग तरीका होता हैं. डेनिम एक्सपर्ट्स और मशहूर ब्रांड Levi Strauss & Co. के अनुसार, अगर ब्लैक जींस को सही तरीके से धोया और सुखाया जाए तो उसका रंग लंबे समय तक बरकरार रखा जा सकता हैं. आइए जानते है वे आसान लेकिन असरदार ट्रिक्स, जो आपकी पसंदीदा ब्लैक जींस को जल्दी फीका होने से बचा सकती हैं.
धोने से पहले जींस को हमेशा उल्टा करें
ज्यादातर लोग जींस को सीधे ही वॉशिंग मशीन में डाल देते है लेकिन यही सबसे बड़ी गलती साबित होती हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक, जींस को धोने से पहले उसे उल्टा कर देना चाहिए. ऐसा करने से जींस की बाहरी सतह मशीन के ड्रम और दूसरे कपड़ों से कम रगड़ खाती हैं. इससे कपड़े का काला रंग जल्दी बाहर नहीं निकलता और जींस लंबे समय तक डार्क बनी रहती हैं. यह छोटा सा तरीका जींस की चमक बनाए रखने में काफी मदद करता हैं.
गर्म पानी नहीं, ठंडे पानी का करें इस्तेमाल
अगर आप ब्लैक जींस को गर्म पानी में धोते हैं तो उसका रंग जल्दी उड़ सकता हैं. गर्म पानी फैब्रिक को ढीला कर देता है और डाई तेजी से निकलने लगती हैं. इसलिए हमेशा ठंडे पानी से ही जींस धोने की सलाह दी जाती हैं. खासतौर पर पहली बार जींस धोते समय पानी में थोड़ा नमक और एक कप सफेद सिरका मिलाना बेहद फायदेमंद माना जाता हैं. यह मिश्रण कपड़े के रंग को लॉक करने का काम करता है, जिससे ब्लैक कलर ज्यादा समय तक बना रहता हैं.
हर बार पहनने के बाद न धोएं जींस
कई लोगों की आदत होती है कि वे एक बार पहनने के बाद ही जींस धो देते है लेकिन डेनिम फैब्रिक के लिए यह तरीका सही नहीं माना जाता. फैशन एक्सपर्ट्स के अनुसार, जींस को जितना कम धोया जाए, उसका फैब्रिक और रंग उतना बेहतर बना रहता हैं. अगर जींस पर हल्का दाग लग जाए तो पूरी जींस धोने के बजाय सिर्फ उस हिस्से को गीले कपड़े से साफ करना बेहतर होता हैं. ब्लैक जींस को महीने में केवल 1 या 2 बार धोना सबसे सही माना जाता हैं.
सही डिटर्जेंट का चुनाव भी है जरूरी
अक्सर लोग सामान्य डिटर्जेंट का इस्तेमाल करते हैं, जो धीरे-धीरे कपड़े के रंग को कमजोर कर देता हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि ब्लैक या डार्क कपड़ों के लिए हमेशा माइल्ड और “कलर प्रोटेक्ट” डिटर्जेंट का इस्तेमाल करना चाहिए. इससे कपड़े का रंग सुरक्षित रहता है और फैब्रिक भी खराब नहीं होता.
तेज धूप में सुखाना पड़ सकता है भारी
जींस धोने के बाद लोग अक्सर उसे सीधी धूप में डाल देते हैं, लेकिन यही आदत ब्लैक कलर की सबसे बड़ी दुश्मन साबित होती हैं. दरअसल, सूरज की तेज अल्ट्रावॉयलेट किरणें काले रंग को तेजी से फीका कर देती हैं. इसलिए ब्लैक जींस को हमेशा छांव में या घर के अंदर हवा वाली जगह पर सुखाना चाहिए. इससे जींस का रंग लंबे समय तक गहरा और फ्रेश बना रहता हैं.
छोटी-छोटी आदतें बचाएंगी आपकी पसंदीदा जींस
फैशन एक्सपर्ट्स मानते है कि ब्लैक जींस की लाइफ बढ़ाने के लिए महंगे प्रोडक्ट्स की नहीं, बल्कि सही देखभाल की जरूरत होती हैं. अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी पसंदीदा ब्लैक जींस लंबे समय तक नई जैसी दिखे, तो इन आसान ट्रिक्स को अपनी आदत बना लें. इससे न सिर्फ जींस का रंग बरकरार रहेगा, बल्कि उसका फैब्रिक और फिटिंग भी लंबे समय तक शानदार बनी रहेगी.
यह भी पढ़े: दूध हुआ महंगा! अमूल के बाद मदर डेयरी और वेरका ने भी बढ़ाए दाम.. आज से जेब पर पड़ेगा असर