न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी X ने लेखकों और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक बड़ा ऐलान किया हैं. X ने बेस्ट लॉन्ग-फॉर्म आर्टिकल लिखने वाले को 1 मिलियन डॉलर यानी करीब 9 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की हैं. इस कदम को X की रणनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है, जहां अब प्लेटफॉर्म सिर्फ शॉर्ट पोस्ट नहीं बल्कि गंभीर और प्रभावशाली लेखन को भी बढ़ावा देना चाहता हैं.
विवादों के बीच आया बड़ा ऐलान
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब X और उसका AI टूल Grok कई देशों में विवादों में घिरा हुआ है और तीन देशों में Grok पर बैन भी लगाया गया हैं. माना जा रहा है कि इस इनाम के जरिए X अपनी छवि को मजबूत करने और प्लेटफॉर्म पर क्वालिटी कंटेंट को बढ़ाने की कोशिश कर रहा हैं.
क्या है X का ‘Top Article’ इनाम?
कंपनी के अनुसार, अगले पेआउट पीरियड में सबसे बेहतरीन लॉन्ग-फॉर्म आर्टिकल को सीधे 1 मिलियन डॉलर दिए जाएंगे. X का कहना है कि वह लेखन को फिर से अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाना चाहता हैं. 2026 में ऐसे कंटेंट को प्रमोट किया जाएगा जो न सिर्फ चर्चा पैदा करे, बल्कि समाज और संस्कृति को दिशा देने का काम भी करे.
कौन ले सकता है प्रतियोगिता में हिस्सा?
यह प्रतियोगिता 16 जनवरी 2026 को दोपहर 2 बजे (PT) से शुरू होकर 28 जनवरी 2026 की रात 11:59 बजे (PT) तक चलेगी. फिलहाल इसमें केवल अमेरिका में मौजूद यूजर्स ही भाग ले सकेंगे. प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए लेख पूरी तरह ओरिजिनल होना जरूरी है और उसकी लंबाई कम से कम 1,000 शब्द होनी चाहिए.
कैसे होगा विजेता का चयन?
X ने स्पष्ट किया है कि लेखों का मूल्यांकन मुख्य रूप से Verified Home Timeline पर मिलने वाले इम्प्रेशंस के आधार पर किया जाएगा यानी जिस आर्टिकल को ज्यादा लोगों का ध्यान मिलेगा और जो ज्यादा पढ़ा जाएगा, उसकी जीत की संभावना उतनी ही अधिक होगी.
सख्त नियम और शर्तें लागू
कंपनी ने कंटेंट को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं. लेख में नफरत फैलाने वाली भाषा, धोखाधड़ी, भ्रामक या भड़काऊ जानकारी की कोई जगह नहीं होगी. अश्लील कंटेंट, गलत तथ्य या किसी व्यक्ति अथवा कंपनी को बदनाम करने वाला लेख सीधे अयोग्य घोषित किया जाएगा. प्लेजरिज्म पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. इसके अलावा AI या ऑटोमेटेड टूल्स की मदद से लिखे गए लेख भी प्रतियोगिता से बाहर किए जा सकते हैं.
X ने हाल ही में अपना Articles फीचर सभी प्रीमियम यूजर्स के लिए खोल दिया हैं. इस फीचर के जरिए यूजर्स प्लेटफॉर्म पर सीधे लंबे आर्टिकल पब्लिश कर सकते हैं. साथ ही X के मोनेटाइजेशन प्रोग्राम के तहत क्रिएटर्स को अपने कंटेंट से कमाई करने का मौका भी मिल रहा हैं.