न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ छतरपुर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले दिनादाग गांव में वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से एक 65 वर्षीय व्यक्ति की असमय मौत हो गई. मृतक की पहचान दिनादाग गांव निवासी 65 वर्षीय बनारसी यादव के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार को बनारसी यादव रोज़ की तरह गांव के समीप खुले मैदान या सीवान में अपनी भैंसें चरा रहे थे.
इसी दौरान अचानक मौसम का मिज़ाज बदला और हल्की बूंदाबांदी व बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने या मवेशियों की देखरेख के दौरान ही अचानक कड़क के साथ तेज आकाशीय बिजली गिरी. बनारसी यादव सीधे इस वज्रपात की चपेट में आ गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. इस आकस्मिक घटना से बनारसी यादव के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे दिनादाग गांव में शोक का माहौल व्याप्त है. स्थानीय प्रशासन को भी घटना की सूचना दे दी गई है जिला प्रशासन में आम नागरिकों से दिया अपील किया है कि खुले मैदान या खेतों में काम करते समय बारिश और कड़कड़ाहट होने पर कभी भी अकेले पेड़ के नीचे शरण न लें, धातु की चीज़ों से दूर रहें और तुरंत किसी पक्के मकान या सुरक्षित स्थान की ओर जाएँ.