न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पनेरीबांध से लापता हुई दो नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लातेहार के भीमगढ़ा से सही-सलामत बरामद कर लिया है. जानकारी के अनुसार 14 सितंबर 2026 को पनेरीबांध निवासी लाला भुईयां की 11 वर्षीय पुत्री सीमा कुमारी और उनकी 12 वर्षीय नतनी मधु कुमारी दोपहर करीब 1 बजे घर से लकड़ी चुनने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटीं. परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चैनपुर पुलिस ने क्षेत्र में खोजबीन शुरू की.
तलाशी के दौरान मीडिया में प्रचार-प्रसार, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और यहां तक कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से घर के पास स्थित तालाब में भी खोजबीन कराई गई. इसी बीच 17 सितंबर 2026 को सूचना मिली कि दोनों बच्चियों को सदर थाना क्षेत्र के ग्राम भीमगढ़ा में देखा गया है. इसके बाद चैनपुर पुलिस परिजनों के साथ मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर चैनपुर थाना ले आई.
पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि पिता द्वारा घर के काम को लेकर डांट-फटकार लगाए जाने से नाराज होकर वे अपनी नानी के घर अमवा टिका (लातेहार) जाने के लिए ट्रेन से लातेहार पहुंच गई थीं. हालांकि, नानी का घर दूर होने और पैसे खत्म हो जाने के कारण वे नानी घर नहीं पहुंच सकीं और लातेहार में ही इधर-उधर भटकती रहीं. बाद में जब उन्हें माता-पिता की याद आई तो वे वापस घर लौट रही थीं, तभी पुलिस और परिजनों ने उन्हें भीमगढ़ा के पास ढूंढ निकाला. इस संबंध में चैनपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज था.