अरुण कुमार यादव/न्यूज़11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र के मोखापी मोड़ के समीप लगा एक चापाकल इन दिनों लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना हुआ है. इस चापाकल की खासियत ऐसी है कि इसे चलाने के लिए हैंडल दबाने की जरूरत नहीं पड़ती, बावजूद इसके इससे लगातार पानी निकलता रहता है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, हर वर्ष आषाढ़ मास से लेकर कार्तिक मास तक चापाकल से इसी तरह स्वतः पानी निकलता रहता है.
ग्रामीणों ने बताया कि चापाकल से निकलने वाला पानी लगातार बहता रहता है और आसपास की जमीन को भी गीला रखता है. बारिश के दिनों में इसका बहाव और बढ़ जाता है. चापाकल से बिना किसी के हैंडल चलाए पानी निकलते देख सड़क से गुजरने वाले राहगीर भी कुछ देर के लिए रुक जाते हैं और इस अनोखी घटना को कौतूहल से देखते हैं. वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह कोई नई घटना नहीं है. पिछले कई वर्षों से बरसात के मौसम में इस चापाकल से स्वतः पानी निकलने की स्थिति देखी जा रही है. हालांकि, चापाकल से इस तरह लगातार पानी बाहर निकलने का वास्तविक कारण क्या है, इसकी स्पष्ट जानकारी ग्रामीणों को नहीं है.
इसे लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहती हैं. वहीं ग्रामीणों का अनुमान है कि बारिश के दौरान भूजल स्तर बढ़ने और जमीन के भीतर पानी का दबाव बढ़ने के कारण चापाकल के पाइप के रास्ते पानी स्वतः बाहर निकलता होगा. हालांकि, यह केवल स्थानीय लोगों का अनुमान है. इसके पीछे वास्तविक वैज्ञानिक कारण क्या है, इसकी पुष्टि संबंधित विभाग या विशेषज्ञों की जांच के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल, मोखापी मोड़ का यह चापाकल राहगीरों और आसपास के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. बिना हैंडल चलाए लगातार बहता पानी लोगों को हैरान करने के साथ-साथ क्षेत्र की प्राकृतिक जल-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रहा है.