संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के मनातू प्रखंड अंतर्गत पदमा पंचायत के अम्मा टोली ग्राम में एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ वर्षीय मासूम सूरज कुमार की जान चली गई. ग्रामीणों के अनुसार मृतक सूरज मुख्य सड़क से हटकर अपने घर जा रहा था तभी पाटन की ओर से आ रही अनियंत्रित कार संख्या 01BV 1111 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. परिजनों ने घायल सूरज को तुरंत मेदिनीनगर अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान शाम करीब चार बजे उसकी मौत हो गई. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ मेदिनीनगर पदमा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सूचना मिलने पर जब मनातू थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची तो भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. इस हिंसक झड़प में सब इंस्पेक्टर हरिश्चंद्र यादव के सिर में गंभीर चोट आई है और कुल चार पुलिस जवान घायल हुए हैं. स्थिति को नियंत्रित करने और आत्मरक्षा के लिए पुलिस को विवश होकर हवाई फायरिंग करनी पड़ी. फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: मोटरसाइकिल चोर गिरोह का बेंगाबाद पुलिस ने किया पर्दाफाश, चोर सहित तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद