वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: बरही विधानसभा क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर बड़े स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है. बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने आज बरही स्थित एनएच डाक बंगला में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए.
₹1.60 करोड़ का ट्रांसफॉर्मर वर्कशॉप
बैठक के दौरान विधायक ने लगभग ₹1.60 करोड़ की लागत से बन रहे ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप का निरीक्षण किया. वर्कशॉप बनने के बाद क्षेत्रवासियों को खराब ट्रांसफॉर्मर बदलने या मरम्मत के लिए अब हजारीबाग का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. बरही में ही ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत और आपूर्ति की व्यवस्था होगी.
विधायक की अनुशंसा पर 5 नए सब-स्टेशन स्वीकृत
बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विधायक की अनुशंसा पर 5 नए सब-स्टेशन की स्वीकृति दी गई है. इसमें चौपारण प्रखंड के महाराजगंज, बसरिया और सिंघरावां तथा बरही प्रखंड के देवचंदा मोड़ और मलकोको में नया सब-स्टेशन बनाया जाएगा.
नया ट्रांसफॉर्मर और गांव-टोला विद्युतीकरण तेज
- विधायक ने बताया कि क्षेत्र में नए ट्रांसफॉर्मर लगाने का काम तेजी से चल रहा है -
- बरही में 99, पदमा में 60 और चौपारण में 56 नए स्थलों पर ट्रांसफॉर्मर लगाए जा रहे हैं.
- गांव-टोला विद्युतीकरण के तहत बरही के 141 टोले, पदमा के 93 टोले और चौपारण के 83 टोले में विद्युतीकरण का कार्य प्रगति पर है.
मनोज यादव ने कहा कि "बरही विधानसभा में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए मैं माननीय सांसद मनीष जायसवाल जी के साथ संकल्पित हूं. हमारा लक्ष्य है कि अंतिम टोले तक निर्बाध बिजली पहुंचे."
बैठक में हजारीबाग के कार्यपालक अभियंता मोहन हेस्सा, बरही एसडीओ सौरभ लिंडा, जिला परिषद उपाध्यक्ष किसुन यादव, सांसद प्रतिनिधि भगवान केशरी, मणिलाल यादव, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, मुखिया संघ अध्यक्ष विजय यादव, जिप सदस्या प्रीति गुप्ता, मुखिया राजेंद्र प्रसाद, मंडल अध्यक्ष नागेश्वर रजक सहित विभाग के कनीय अभियंता और अन्य गणमान्य उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: गढ़वा पुलिस ने जिले के रंका थाना और हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में बाइक लुटकांड के आरोपी को किया गिरफ्तार