न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: गुरुवार को राजगंज थाना क्षेत्र के थाना कुल्ही इलाके में बाइक की टक्कर से साइकिल सवार एक युवती घायल हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल युवती की पहचान जानवी परवीन के रूप में हुई है. बताया जाता है कि जानवी परवीन साइकिल से अपने गंतव्य की ओर जा रही थी. इसी दौरान अपाची बाइक पर सवार तीन युवक तेल लेकर डोमनपुर की तरफ लौट रहे थे. इसी क्रम में बाइक की टक्कर साइकिल सवार युवती से हो गई.
हादसे में युवती के सिर में गंभीर चोट लगी है. इसके अलावा हाथ और पैर में भी चोटें आई हैं, जबकि एक अंगुली में फ्रैक्चर बताया जा रहा है. घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल युवती को राजगंज स्थित एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया.
वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवती की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया. घटना के संबंध में पुलिस आवश्यक जानकारी जुटा रही है.