जयदेव कुमार/न्यूज़11 भारत
पाकुड़/डेस्क: अमड़ापाड़ा प्रखंड मुख्यालय की बदहाल सड़क व्यवस्था ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. पाकुड़-दुमका मुख्य सड़क की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि राहगीरों को जगह-जगह बने गड्ढों, कीचड़ और जलजमाव के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है. बारिश के बाद हालात और भी बदतर हो गए हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमड़ापाड़ा प्रखंड क्षेत्र में दो-दो कोल माइंस संचालित हो रही हैं, भारी वाहनों की लगातार आवाजाही भी होती है, लेकिन इसके बावजूद मुख्य सड़क की हालत सुधारने की दिशा में गंभीर पहल नजर नहीं आ रही है. सड़क पर बने गड्ढे अब राहगीरों के लिए परेशानी के साथ-साथ हादसे का कारण भी बन रहे हैं.
बाजार जाने वाले ग्रामीणों का कहना है कि कई जगह सड़क पर कीचड़ इतना अधिक है कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है. लोगों को गड्ढों और कीचड़ से बचते-बचाते गिरने का खतरा उठाकर बाजार पहुंचना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि जब क्षेत्र में कोयला खनन का बड़ा कारोबार चल रहा है और भारी वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है, तो फिर अमड़ापाड़ा की जनता को बेहतर सड़क की सुविधा क्यों नहीं मिल रही?
ग्रामीणों ने पाकुड़ उपायुक्त से मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए पाकुड़-दुमका मुख्य सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को रोजाना की इस परेशानी से राहत मिल सके.