नीरज कुमार साहू/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: बसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोनबीर में मंगलवार को दिन-दहाड़े दो बाइक सवार अपराधियों ने एक गरीब दंपति से 50 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पीड़िता ताजिमा बेबी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने पति शेख इस्लाम के साथ दोपहर करीब 1:30 बजे बैंक ऑफ इंडिया की कोनबीर शाखा से 50 हजार रुपये निकालकर साप्ताहिक बाजार गई थीं.
बाजार से खरीदारी करने के बाद, जब दोनों अपने मोटरसाइकिल से वापस अपने घर (रायकेरा डुमर टोली पंचायत, मोरेंग) लौट रहे थे, तभी दोपहर करीब 3:30 बजे रास्ते में पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया. पीड़ित दंपति ने साहस दिखाते हुए कुछ दूर तक अपराधियों का पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार बाइक होने के कारण अपराधी भागने में सफल रहे.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बसिया थाना प्रशासन सक्रिय हो गया है. थाना प्रभारी कृष्णा कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. अपराधियों की पहचान के लिए बैंक परिसर, बाजार और रास्ते में आने वाली दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय और राशि बरामदगी की गुहार लगाई है.
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद में पत्रकार भवन निर्माण की मांग तेज, विधायक संजय सिंह यादव को सौंपा गया ज्ञापन