न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: राजगंज थाना क्षेत्र के मरचो कोचा गांव स्थित जंगल में गुरुवार की सुबह पेड़ से लटका एक 17 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मरचो कोचा निवासी कृष्णा टुडू के रूप में हुई है. परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की.
परिजनों के अनुसार, कृष्णा टुडू रविवार की सुबह शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की. मामले की जानकारी महेशपुर पंचायत के मुखिया को भी दी गई थी.
मृतक के पिता राजू टुडू ने कुछ लोगों पर धमकी देने का आरोप लगाया है. उनका दावा है कि शनिवार की रात कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे और बेटे को संभालने की धमकी दी थी. मृतक की बहन पूजा कुमारी ने भी झिरकुंडा सोरेन समेत कुछ अन्य लोगों पर धमकी देने का आरोप लगाया है. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है.
परिजनों की ओर से मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े होने की आशंका भी जताई गई है. सूचना मिलने के बाद राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें: IPL के धूम-धड़ाक की फिर शुरू हुई तैयारी, अबकी बार भारत में सजेगा खिलाड़ियों का बाजार, गोवा में होगा मिनी ऑक्शन