चंदवा पुलिस

चंदवा पुलिस ने टाइम फेल को लेकर बॉक्साइट ट्रक किया जब्त,  ट्रक ऑनरों एसोसिएशन पहुंचे थाना जताया रोष

मंगलवार की सुबह चंदवा थाना क्षेत्र में टाइम फेल होने के कारण एक बॉक्साइट ट्रक को पुलिस द्वारा रोके जाने और चालक के साथ कथित मारपीट किए जाने के आरोप को लेकर ट्रक ऑनरों में नाराजगी देखने को मिली.

By : Ark Sahuliyar
चंदवा पुलिस ने टाइम फेल को लेकर बॉक्साइट ट्रक किया जब्त,  ट्रक ऑनरों एसोसिएशन पहुंचे थाना जताया रोष

राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत 
चंदवा/डेस्क:
मंगलवार की सुबह चंदवा थाना क्षेत्र में टाइम फेल होने के कारण एक बॉक्साइट ट्रक को पुलिस द्वारा रोके जाने और चालक के साथ कथित मारपीट किए जाने के आरोप को लेकर ट्रक ऑनरों में नाराजगी देखने को मिली. मामले को लेकर लोहरदगा-गुमला-चंदवा ट्रक ऑनर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के नेतृत्व में मंगलवार दोपहर सैकड़ों ट्रक ऑनर चंदवा थाना पहुंचे और प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं.

ट्रक ऑनरों का आरोप है कि बॉक्साइट परिवहन करने वाले वाहनों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उनका कहना है कि खदान से साइडिंग तक बॉक्साइट पहुंचाने के लिए प्रबंधन की ओर से निर्धारित समय दिया जाता है, लेकिन रास्ते में सड़क की स्थिति, जाम, वाहन में तकनीकी खराबी समेत कई परिस्थितियों के कारण कई बार एक-दो घंटे की देरी हो जाती है.

ऑनरों ने कहा कि यदि चालक निर्धारित समय पूरा करने के दबाव में तेज गति से वाहन चलाता है तो सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ऐसे में परिवहन व्यवस्था को लेकर व्यावहारिक समाधान निकाला जाना जरूरी है.

ट्रक ऑनरों ने बताया कि इससे पहले गुमला और लोहरदगा में भी टाइम फेल को लेकर वाहनों को रोका गया था. हालांकि, समस्या से अवगत कराने के बाद वहां प्रशासन की ओर से इस तरह की परेशानी कम हुई. उनका आरोप है कि चंदवा क्षेत्र में पहुंचने के बाद बॉक्साइट ट्रकों को लगातार रोका और परेशान किया जा रहा है.

इधर, थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक मनोरंजन प्रसाद सिंह के एक आवश्यक बैठक में मुख्यालय चले जाने के कारण शुरुआत में ट्रक ऑनरों की उनसे बातचीत नहीं हो सकी. बाद में इंस्पेक्टर के लौटने के बाद ट्रक ऑनरों और पुलिस के बीच मामले को लेकर विस्तार से बातचीत हुई.

ट्रक ऑनरों के आग्रह पर सांसद प्रतिनिधि दीपक निषाद भी थाना पहुंचे और थाना प्रभारी से मामले में उचित कार्रवाई करते हुए ट्रक ऑनरों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की अपील की.

पुलिस ने बताया—माइनिंग चालान का समय था फेल
मामले में पुनि सह थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह ने बताया कि वाहन जांच के दौरान उक्त ट्रक को जांच के लिए रोका गया था. जांच में ट्रक का माइनिंग चालान समय फेल पाया गया, जिसके बाद वाहन को जब्त कर अग्रतर कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) को अग्रसारित किया गया है. उन्होंने बताया कि जांच के बाद डीएमओ स्तर से ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं थाना प्रभारी ने चालक के साथ मारपीट किए जाने के आरोप को थाना प्रभारी ने निराधार बताया.