न्यूज़11 भारत
चान्हो/डेस्क: चान्हो थाना क्षेत्र के मदरसा चौक स्थित उर्दू मध्य विद्यालय के पीछे खड़ी पिकअप वैन अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली. चोरी गई पिकअप वैन का नंबर JH01F-R 9287 बताया गया है. घटना का पता मंगलवार सुबह करीब आठ बजे उस समय चला, जब वाहन मालिक दुकान खोलने के लिए पहुंचे. मौके पर वाहन नहीं मिलने के बाद आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन पिकअप वैन का कोई सुराग नहीं मिला.
इसके बाद वाहन मालिक मोहम्मद खालिद ने मंगलवार शाम करीब छह बजे चान्हो थाना पहुंचकर घटना की लिखित सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि पिकअप वैन को चोरी कर ले जाते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में फुटेज भी कैद हुआ है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और वाहन के आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी वाहन चोरी को लेकर चिंता बढ़ गई है.