न्यूज11 भारत
चतरा/डेस्क: चतरा से एक बड़ी खबर है. चतरा पुलिस ने दो पुलिस जवानों की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता और प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी (TSPC) के एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछु को गिरफ्तार कर लिया है. लंबे समय से फरार चल रहे इस खूंखार नक्सली की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बहुत बड़ी सफलता मानी जा रही है. पुलिस को खुफिया एजेंसियों से गुप्त सूचना मिली थी कि एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू लावालौंग थाना क्षेत्र के अपने पैतृक गांव पारामातु में एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने आ रहा है. इस इनपुट के तुरंत बाद सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी (SIT) टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित और अचूक कार्रवाई करते हुए गांव की घेराबंदी की और नक्सली को सफलतापूर्वक धर दबोचा. चतरा एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि लक्ष्मण गंझू 2012 से ही नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था, लेकिन पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़ा है. यह वही वांटेड नक्सली है, जिसने 2024 में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले का नेतृत्व किया था. इसके खिलाफ सदर और जोरी थाना में यूएपीए (UAPA) और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में कुल तीन मामले दर्ज हैं. आपको बता दें कि इसी साल वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र के गंभारतरी जंगल में अफीम की खेती नष्ट कर लौट रहे पुलिस के जवानों पर लक्ष्मण गंझू की टीम ने घात लगाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी. उस भीषण हमले में पुलिस के दो वीर जवान, सुकन राम और सिकंदर सिंह, शहीद हो गए थे, जबकि तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे. पुलिस अब इस गिरफ्तार नक्सली को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी. पुलिस का मानना है कि पूछताछ के आधार पर टीएसपीसी के अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की जाएगी और इस नेटवर्क में शामिल बाकी नक्सलियों की भी जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित होगी.
यह भी पढ़ें: छात्रों को भी और सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़नी चाहिए, सरकार को थोड़ा सॉफ्ट होना होगा - डॉ इरफान अंसारी