न्यूज़ 11भारत
छतरपुर/डेस्क: पलामू पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है. छतरपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेज़ी शराब बरामद की है. इस मामले में हरियाणा के मेवात निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है.जानकारी के अनुसार गत 12 सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नवाबाजार की ओर से औरंगाबाद जाने वाली सड़क पर नागालैंड नंबर का एक ट्रेलर (एन.एल.01एल–6869) अवैध शराब लेकर जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया.पूछताछ में चालक ने ट्रेलर में पुट्टी लोड होने की बात कही, लेकिन शक होने पर वाहन को थाना लाकर जांच की गई. तलाशी के दौरान ट्रेलर से विभिन्न कंपनियों की अंग्रेज़ी शराब की हजारों बोतलें बरामद की गईं जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये है.
वहीं, जिला परिवहन पदाधिकारी से सत्यापन कराने पर वाहन का पंजीयन नंबर और चेसिस नंबर अलग-अलग पाए गए.गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिजवान (उम्र 25 वर्ष), पिता इस्राईल, निवासी ग्राम बेरी, थाना ताउडू, जिला मेवात, हरियाणा के रूप में हुई है.
बरामद शराब में बडवाइज़र मैग्नम स्ट्रांग बीयर 500 एमएल के 80 कार्टून (कुल 1920 पीस), रॉयल स्टैग 750 एमएल के 20 कार्टून (कुल 240 पीस), रॉयल चैलेंजर 750 एमएल के 25 कार्टून (कुल 300 पीस), रॉयल कैरेज 750 एमएल के 165 कार्टून (कुल 1980 पीस) और रॉयल कैरेज 375 एमएल के 160 कार्टून (कुल 3840 पीस) शामिल हैं. इसके साथ ही ट्रेलर वाहन और दो मोबाइल भी जब्त किए गए हैं. पुलिस ने बताया कि पूछताछ की जा रही है और इस अवैध शराब कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: ब्रह्माकुमारीज प्रशासक सेवा प्रभाग का "स्ट्रेस फ्री एडमिनिस्ट्रेशन" पर सम्मेलन जमशेदपुर में 14 सितम्बर से