सुरेंद्र प्रसाद/न्यूज़11 भारत
बोकारो/डेस्क: बोकारो के सेक्टर-12E में क्वार्टर संख्या 1290 के कल शुक्रवार को अचानक जमींदोज होने की घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. उपायुक्त अजय नाथ झा ने घटना की विस्तृत जांच का निर्देश दिया है. एसडीओ चास प्रांजल ढांडा को जांच पदाधिकारी बनाया गया है और 72 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है. वहीं, बीएसएल नगर प्रशासन से जिले में मौजूद सभी क्षतिग्रस्त और जर्जर भवनों को चिन्हित कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है.
SDO चास करेंगी घटना की विस्तृत जांच
उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा को जांच पदाधिकारी नामित किया है. उन्हें घटनास्थल का निरीक्षण कर क्वार्टर की स्थिति, घटना के संभावित कारण, आसपास की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया गया है. जांच अधिकारी को 72 घंटे के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन जिला प्रशासन को सौंपना होगा. रिपोर्ट के निष्कर्ष के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
जर्जर भवनों की भी होगी पहचान
घटना के बाद जिला प्रशासन ने बीएसएल नगर प्रशासन सेवा विभाग को क्षतिग्रस्त और जर्जर भवनों को चिन्हित करने का निर्देश दिया है. इन भवनों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है. इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी बोकारो के अपर समाहर्ता करेंगे. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को घटना से जुड़े सभी तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
जिला प्रशासन के अनुसार, मामले की लगातार निगरानी की जा रही है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी. सेक्टर-12E में क्वार्टर गिरने की घटना के बाद जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई पर अब सबकी नजर है.
इसे भी पढ़ें: थाना प्रभारी से बदसलूकी मामले में बढ़ीं जयराम महतो की मुश्किलें, 5 दिनों में गिरफ्तारी की मांग