न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर कल शनिवार देर रात उनके कैलाश नगर स्थित पैतृक आवास पहुंचा. राजा का शव घर पहुंचते ही परिजन फूट-फूटकर रो पड़े. आज रविवार को हरमू मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. उनके आवास पर अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही है.
इधर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंच रहे हैं. पूरे इलाके में शोक का माहौल है. राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी उनके आवास पहुंची है. वहीं रांची एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अधिकारी भी आवास पर पहुंचे हैं. राजा के परिजनों को रांची जिला प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग दिया जा रहा है.

बताते चलें वियतनाम से राजा का पार्थिव शरीर कोलकाता पहुंचा था. इसके बाद कोलकाता से रांची लाया गया और फिर एयरपोर्ट से जिला प्रशासन की ओर से परिवार को निःशुल्क एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई, जिसमें राजा का शव रांची पहुंचा. वहीं, प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता भी दी जाएगी.
राजा वियतनाम में योगा टीचर के रूप में कार्यरत थे. मिली जानकारी के अनुसार वियतनाम में एक निजी घर में प्रशिक्षण देकर अपनी स्कूटी से वापस कार्यालय लौटने के दौरान स्कूटी अनबैलेंस होकर एक कार से टकरा गयी. इस हादसे में राजा की मौके पर ही मौत हो गयी. युवक की मौत को करीब एक सप्ताह से अधिक समय हो गया है.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर: बैंक डकैती में शामिल लुटेरों की हुई पहचान, पुलिस ने जारी की तस्वीरें