न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनसार थाना क्षेत्र के दूहाटांड़ स्थित प्रतीक ज्वेलर्स में बीती रात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि चोर दुकान का वेंटिलेशन काटकर अंदर दाखिल हुए और दुकान में रखे नकदी समेत सोना-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए.
सुबह दुकान संचालक सोनू वर्मा जब दुकान खोलने पहुंचे, तो वेंटिलेशन कटा हुआ देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई. जांच करने पर दुकान से करीब 50 हजार रुपये नकद, सोने की बालियां, झुमके, नथिया और चांदी के जेवरात गायब मिले. सोनू वर्मा के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये है. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना धनसार थाना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. दुकान संचालक ने बताया कि उन्होंने बैंक से लोन लेकर अपना रोजगार शुरू किया था. ऐसे में दुकान में हुई चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: Ind vs WI Ranchi T20: कल से JSCA स्टेडियम में मिलेगा मैच का टिकट, देखिए प्राइस लिस्ट